देवास। 2 मई [शकील कादरी] शनिवार को नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था और पेयजल परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए वार्ड क्रमांक 9 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिप्रा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा अलीपुर में निर्माणाधीन इंटकवेल की प्रगति का भी जायजा लिया।
वार्ड-9 के भ्रमण में आयुक्त ने खुले प्लॉट, डिवाइडर, ग्रीनरी और मैरिज गार्डन के आसपास की सफाई व्यवस्था देखी। डिवाइडरों में कचरा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित दरोगा को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने डिवाइडरों के बीच ग्रीनरी में नियमित पानी देने और मैरिज गार्डन से निकलने वाले गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग थैलों में एकत्र कर कचरा वाहनों में गार्डन से डलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को खुले में कचरा न फेंकने के लिए जागरूक किया जाए तथा स्वच्छता निरीक्षक वार्ड में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
शिप्रा ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आईएचपी कर्मचारियों को पेयजल में क्लोरीन की निर्धारित मात्रा सुनिश्चित करने और प्रतिदिन लैब टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कार्यपालन यंत्री इंदु प्रभा भारती एवं सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर बारिश से पूर्व सभी कार्य पूर्ण करने को कहा। पंपों के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया।
अलीपुर में बन रहे नवीन इंटकवेल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पहले फाउंडेशन से ऊपर का कार्य पूर्ण कर लिया जाए ताकि बारिश में कार्य बाधित न हो। उन्होंने उपयंत्री राजेश कौशल को निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

0 Comments