देशव्यापी केमिस्ट्स हड़ताल सफलतापूर्वक सम्पन्न,,
स्थानीय प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन,,देवास। देवास केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद कोठारी ने बताया कि 20 मई 2026 को ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के आह्वान पर देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स द्वारा अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री तथा जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे केमिस्ट्स के अस्तित्व से जुड़े गंभीर मुद्दों के विरोध में राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल सफलतापूर्वक आयोजित की गई। एआईओसीडी एवं राज्य केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के सभी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखकर आंदोलन को सर्वसम्मति से समर्थन प्रदान किया। हड़ताल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें सरकार का ध्यान निम्नलिखित अत्यंत गंभीर मुद्दों की ओर आकर्षित किया गया। जिसमें दवाओं की अवैध एवं अनियमित ऑनलाइन बिक्री। बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री एवं होम डिलीवरी। ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा अत्यधिक छूट (डीप डिसकाउंटिंग) की अनुचित नीति, जिससे छोटे एवं लाइसेंसधारी केमिस्ट्स गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जीएसआर 817(ई) एवं जीएसआर 220(ई) को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, जिनका दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक कॉमर्स ऑपरेटर्स द्वारा दवाओं की अनियंत्रित डिलीवरी के लिए किया जा रहा है। केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं तथा उचित सत्यापन के बिना उनकी अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य, मरीजों की सुरक्षा एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के अंतर्गत स्थापित नियामकीय व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है। फार्मास्यूटिकल व्यापार से जुड़े प्रतिनिधियों ने यह भी दोहराया कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्ट्स ने फंटलाइन हेल्थकेयर सपोर्ट प्रदाताओं के रूप में निरंतर सेवाएं देते हुए आमजन तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। इसके बावजूद अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के संबंध में बार-बार ज्ञापन एवं प्रमाण प्रस्तुत करने के बाद भी संबंधित प्राधिकरणों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। अतः केमिस्ट समुदाय ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि मरीजों की सुरक्षा, जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे लाइसेंसधारी केमिस्ट्स एवं उनके कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु तत्काल प्रभावी एवं सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। जिले/राज्य में आयोजित यह हड़ताल पूर्णतः शांतिपूर्ण रही तथा इसे केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट समुदाय का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। एसोसिएशन द्वारा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराकर मानवीय दायित्व का भी निर्वहन किया गया। इस अवसर पर संरक्षक महेन्द्र उपाध्याय, सचिव गिरधर गुप्ता, मनीष मूंदड़ा, अशोक पेशवानी, संजय पाटिल, हेमंत गोयल, राजेश तलरेजा, संजय शुक्ला, देवकीनंदन समाधिया, पिंकी अग्रवाल, मनोज काला, राजकुमार राजपूत, संदीप माधवानी, दीपेश गुप्ता, मनीष गुुप्ता, नंदू पाटिल, नरेन्द्र ठाकुर, करण तोमर, अशोक मनवानी, मुकेश शर्मा, दीपक रिजवानी, दीपक अग्रवाल आदि केमिस्ट साथी उपस्थित रहे।

0 Comments