देवास: भारत सरकार द्वारा नशीले पदार्थों एवं सिंथेटिक ड्रग्स की रोकथाम हेतु संचालित “Drug Free India – Say No to Drugs” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सहायक उप निरीक्षक से निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती अलका राणा एवं श्री रईस शेख द्वारा अधिकारियों को नारकोटिक्स से संबंधित अपराधों की रोकथाम, प्रभावी विवेचना, वैधानिक प्रावधानों तथा मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर नियंत्रण हेतु आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते खतरे, इनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की रणनीतियों तथा जागरूकता के महत्व पर भी चर्चा की गई। साथ ही पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित नारकोटिक अपराधों की त्रिवर्षीय रोडमैप पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना एवं निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी अधिकारियों को दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की क्षमता संवर्धन करना, मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में समन्वित प्रयासों को और अधिक सशक्त करना रहा।
“नशा मुक्त भारत – सुरक्षित भारत” के संकल्प को साकार करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

0 Comments