देवास में iRAD परियोजना के तहत पुलिस अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
देवास: सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए भारत सरकार द्वारा iRAD (Integrated Road Accident Database) परियोजना प्रारंभ की गई है। यह परियोजना प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित की जा रही है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं का एकीकृत डाटाबेस तैयार करना, दुर्घटनाओं का विश्लेषण करना तथा सड़क हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाना है।
योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिक उद्देश्य है। साथ ही “प्रधानमंत्री राहत योजना” के अंतर्गत दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को ₹1.5 लाख तक का कैशलेस उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास में जिले के समस्त थानों की डायल-112 टीमों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद एवं यातायात थाना प्रभारी श्री पवन बागड़ी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने डायल-112 टीम एवं स्टाफ से चर्चा करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने तथा “प्रधानमंत्री राहत योजना” के अंतर्गत कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को दुर्घटना के समय त्वरित कार्यवाही , संवेदनशीलता एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री मनीष कुमार खत्री एवं जिला रोल आउट मैनेजर श्री हेमंत माली द्वारा iRAD पोर्टल एवं मोबाइल एप की कार्यप्रणाली, डेटा एंट्री प्रक्रिया एवं तकनीकी उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
देवास पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

0 Comments