देवास। स्थानीय मंडी धर्मशाला में श्रीमद 108 भागवत कथा उत्सव समिति द्वारा खेड़ापति मारूती मंदिर से कलश यात्रा प्रारंभ हुई जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए मंडी धर्मशाला पहुंची। कलश यात्रा में 108 पंडित अलग अलग भागवतजी अपने सिर पर धारण कर चल रहे थे जो आकर्षण का केन्द रहा। कलश यात्रा से पूरा नगर भक्तिमय हो गया । कथा वाचक पुष्पनंदन महाराज एवं सूरज शास्त्री बग्घी में सवार थे। कलश यात्रा का अनेक सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भागवत जी में 108 अलग अलग यजमान बनाये गये है । पुरूषोत्तम मास में 108 भागवतजी का पूजन करने का विशेष महत्व है। कथा वाचक पुष्पनंदनजी महाराज ने कथा के अंतर्गत धुंधकारी की कथा का सुंदर वर्णन किया एवं कहा कि जीवन में हर कठिनाई का सामना करने से पहले उस कठिनाई को भगवान के सामने बोलने से कठिनाई समाप्त हो जाती है। कथा के मुख्य यजमान मांगीलाल अग्रवाल एवं पुष्पा अग्रवाल ने शहर के सभी धर्मप्रेमियों से अनुरोध किया है कि कथा में पधार कर पुण्य लाभ लेवें और अपने जीवन को सफल बनाए। आयोजन समिति द्वारा विशाल पांडाल का निर्माण किया गया है जिससे भक्तों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। समिति के सुनील माहेश्वरी एवं नीरज सोनी ने कथा में पधारने का आग्रह किया है।

0 Comments