सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर देवास में विशेष प्रशिक्षण,,
डीआईजी नवनीत भसीन ने दिया मार्गदर्शन
देवास :आगामी सिंहस्थ- 2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिला देवास में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को उज्जैन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास के सभागृह में आयोजित प्रशिक्षण सत्र को संबोधित किया।
डीआईजी श्री नवनीत भसीन ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को सिंहस्थ जैसे विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और जनसहयोग से जुड़े अहम पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन वाले इस आयोजन के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने कर्मियों को भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय, संवेदनशील व्यवहार और जनसेवा की भावना के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री जयवीर सिंह भदौरिया और परीवीक्षाधीन भापुसे अधिकारी श्री आलोक वर्मा भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जिला पुलिस बल के साथ होमगार्ड, विशेष सशस्त्र बल और विशेष शाखा के कुल 62 अधिकारी-कर्मचारी भाग ले रहे हैं। उन्हें मेले के दौरान संभावित परिस्थितियों, सुरक्षा चुनौतियों, यातायात व्यवस्था, आपदा नियंत्रण और जनसंपर्क जैसे विषयों पर व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
देवास पुलिस का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

0 Comments