देवास: भारत सरकार की प्रधानमंत्री राहत कैशलेस योजना के तहत देवास जिले में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्य किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में अब तक 218 सड़क दुर्घटना प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 42 प्रकरण प्रि-अप्रूव किए जा चुके हैं।
योजना के माध्यम से गोल्डन ऑवर के दौरान घायलों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 90 प्रकरणों में अस्पतालों को कुल 20 लाख 7 हजार 333 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इस योजना से गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है और पात्र घायलों को लगातार लाभ दिलाया जा रहा है।
इसके साथ ही राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले नागरिकों को सम्मानित करने की पहल की गई है। जिले के चार नागरिकों — अमित तिपा, दिलीप जैसवाल, चेतन पिता बहादुर सिंह गुर्जर एवं शुभम पिता राजेन्द्र सोनी के नाम प्रोत्साहन एवं सम्मान हेतु कलेक्टर कार्यालय को भेजे गए हैं।
देवास पुलिस द्वारा दोनों योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ ले सकें और सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर सहायता मिल सके। प्रधानमंत्री राहत कैशलेस योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे में निःशुल्क एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराना है।

0 Comments