33000 केवी की बंद पड़ी विद्युत लाइन हटाने की मांग, वार्डवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
देवास। वार्ड क्रमांक 43 नई आबादी बालगढ़ के रहवासी बड़ी संख्या में राजा अकोदिया (दीपक), पार्षद वार्ड क्रमांक 43 के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में आवेदन देकर क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़ी 33000 केवी विद्युत लाइन को हटाने की मांग की। आवेदन में बताया गया कि नई आबादी बालगढ़ क्षेत्र में 11000 केवी एवं 33000 केवी की चापड़ा लाइन करीब 10 वर्षों से बंद पड़ी हुई है। लाइन के तार और खंभे जर्जर हो चुके हैं तथा बारिश के दौरान इनके गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है। रहवासियों ने आवेदन में उल्लेख किया कि दिसंबर माह में क्षेत्र के छात्र आरव गुर्जर, पिता संदीप गुर्जर, की 11000 केवी लाइन से करंट लगने के कारण मृत्यु हो गई थी। इसके बाद विद्युत मंडल द्वारा केवल एक लाइन हटाकर कार्रवाई पूरी कर दी गई, जबकि पूर्व में जनसुनवाई के दौरान दोनों लाइनों को हटाने का आश्वासन दिया गया था। वार्डवासियों का कहना है कि 11000 केवी लाइन का एक हिस्सा हटाया गया, लेकिन 33000 केवी लाइन आज भी क्षेत्र में बनी हुई है। इस लाइन के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गए और कई लोगों की जान खतरे में पड़ चुकी है। रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि जिस प्रकार 11000 केवी लाइन को हटाया गया है, उसी प्रकार बंद पड़ी 33000 केवी विद्युत लाइन को भी तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।

0 Comments