देवास। पुणे में आयोजित भारत उत्सव राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में देवास की बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 3500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में देवास की कथक नृत्यांगना अनुष्का जोशी द्वारा संचालित कैशिकी अकादमी ऑफ डांस की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। कथक की सब-जूनियर श्रेणी में राघवी दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि मिशी गुप्ता एवं आर्या शुक्ला ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं मानस्वी कानूनगो ने सीनियर वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्था का नाम गौरवान्वित किया। सेमी-क्लासिकल श्रेणी में आर्या जैन ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। इसी प्रकार नृत्यांगना अंशिका शितोले द्वारा संचालित कथक कुंज की छात्रा वान्या आदर्श ने कथक सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि दोनों संस्थाएँ गुरु प्रफुल सिंह गेहलोत घुंघरू नृत्य संगीत महाविद्यालय के मार्गदर्शन में निरंतर प्रगति कर रही हैं और भारतीय शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के आधार पर उनका चयन नवंबर माह में वियतनाम में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय महोत्सव’ के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से देवास सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का वातावरण है। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं कला प्रेमियों ने चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

0 Comments