देवास। जिले के युवा अधिवक्ताओं को राष्ट्रीय स्तर के कानूनी विशेषज्ञों से रूबरू कराने के उद्देश्य से रविवार को शहर के श्री खेड़ापति होटल में नेशनल लीगल वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा किया गया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने आधुनिक कानूनी व्यवस्था, वर्चुअल हियरिंग और डिजिटल एडवोकेसी जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड टी. महिपाल, दिल्ली हाईकोर्ट में भारत सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल जे.पी. शर्मा तथा सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड राजकिशोर चौधरी मौजूद रहे। वक्ताओं ने बदलते दौर में वकालत के नए स्वरूप, तकनीक के बढ़ते उपयोग और नए कानूनों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रश्नोत्तर सत्र में युवा अधिवक्ताओं और विधि छात्रों ने खुलकर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ जवाब दिया। वक्ताओं ने कहा कि आने वाला समय डिजिटल कानूनी प्रक्रियाओं का है और अधिवक्ताओं को इसके लिए खुद को तैयार करना होगा। आयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक वर्मा ने कहा कि पांच दशक के वकालती अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि देवास बार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की है। ऐसे आयोजनों से युवा अधिवक्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलेगा।
वर्कशॉप में देवास सहित आसपास के जिलों से 300 से अधिक अधिवक्ता, विधि छात्र और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर अशोक वर्मा के समर्थन में लगाए गए पोस्टर भी चर्चा का विषय रहे।

0 Comments