नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ, अध्यक्ष व सचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला,,
- उपाध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में, दो महिला पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित
देवास। चर्चित अभिभाषक संघ के चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए अशोक वर्मा, रामप्रसाद सूर्यवंशी और प्रवीण शर्मा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा, जबकि सचिव पद के लिए चन्द्रपाल सिंह सोलंकी ‘छोटू’, गोविंद जोशी और रजनीश द्विवेदी आमने-सामने होंगे। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में होने से इस पद पर भी कांटे की टक्कर के आसार हैं। गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रघुवीर यार्दी की अध्यक्षता में नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान चुनाव समिति के सदस्य आनंद अधिकारी, राम श्रीवास्तव, एम.एम. मोदी, भगवान सिंह गुर्जर, शेर सिंह पटेल, शैलेंद्र सिंह कुशवाह, शालू ठाकुर, माहेनूर कुरैशी और चांदनी सिंह उपस्थित रहे। समिति ने चुनाव की तैयारियों एवं आगामी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा भी की। नाम वापसी के बाद सह सचिव (महिला) पद पर दीपिका सुनहरी तथा पुस्तकालय सचिव (महिला) पद पर सरिता उपाध्याय निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं। दोनों के निर्विरोध निर्वाचन से महिला पदों पर चुनाव की आवश्यकता नहीं रही। उल्लेखनीय है कि अभिभाषक संघ के चुनाव आगामी 25 तारीख को संपन्न होंगे। नाम वापसी के बाद विभिन्न पदों पर मुकाबले की स्थिति स्पष्ट होने से चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशियों ने अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क भी बढ़ा दिया है।

0 Comments