Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

विश्व वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन,,पेंशन एरियर, महंगाई राहत और वरिष्ठजनों के अधिकारों को लेकर उठाई आवाज

विश्व वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन,,

पेंशन एरियर, महंगाई राहत और वरिष्ठजनों के अधिकारों को लेकर उठाई आवाज
देवास। विश्व वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर देवास वरिष्ठ नागरिक संस्था के बैनर तले वरिष्ठजनों ने 15 जून को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर देवास को ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। संस्था अध्यक्ष ओ.पी. पाराशर ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार वरिष्ठजनों के साथ होने वाला शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, भावनात्मक एवं सामाजिक दुर्व्यवहार मानवाधिकारों का उल्लंघन है। वरिष्ठजनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उनके सम्मानजनक जीवन की सुनिश्चितता के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 15 जून को अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया जाता है। ज्ञापन में मांग की गई कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी शासकीय कार्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर सेवाएं प्रदान करने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही पुनर्गठन अधिनियम की धारा 49(6) को समाप्त कर पेंशनर्स को नियमित कर्मचारियों के समान समय पर महंगाई राहत का लाभ दिया जाए। वरिष्ठजनों ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेशों के बावजूद प्रदेश के पेंशनर्स को छठे वेतनमान का 32 माह तथा सातवें वेतनमान का 27 माह का एरियर भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जो वरिष्ठ नागरिकों के आर्थिक शोषण के समान है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन अधिकांश वरिष्ठजन इनकी जानकारी से वंचित हैं। इसलिए शासन स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। संस्था ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 और मध्यप्रदेश नियम-2009 के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग करते हुए कहा कि वरिष्ठजनों की आर्थिक सुरक्षा, संपत्ति संरक्षण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त पेंशनर्स को समय पर महंगाई राहत, केंद्र सरकार के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं, कैशलेस बीमा योजना में समान प्रीमियम, जिला स्तर पर पेंशन कार्यालयों की निरंतरता, सेवानिवृत्ति के साथ आयुष्मान सुविधा प्रारंभ करने तथा रेलवे किराए में वरिष्ठ नागरिकों को पूर्ववत छूट बहाल करने की मांग भी की गई। संस्था ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस जैसे आयोजनों के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की भी आवश्यकता जताई। ज्ञापन के माध्यम से वरिष्ठजनों ने शासन से उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन का वाचन सचिव श्रवण कुमार कानूनगो ने किया एवं आभार सदस्य गंगासिंह सोलंकी ने माना। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष विपिन कुमार कुमावत, उपाध्यक्ष हिमांशु कुमार ढाली, संयुक्त सचिव बंशीधर चावड़ा, कार्यकारिणी सदस्य शीलनाथ आरस, मनोहर डी. सिन्हा, सुश्री वीणा भार्गव, के.सी. नागर, श्याम कुमार शाह, डॉ राजेंद्र सिंह ठाकुर, बाबूलाल मालवीय सतवास, सत्यनारायण वर्मा, अनिल नाईक सहित वरिष्ठ जन उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...