Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है - विधायक श्री मनोज चौधरी,,-------------जनकल्याण शिविर का उद्देश्‍य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और नागरिकों की समस्याओं त्वरित निराकरण – कलेक्‍टर श्री ऋतुराज सिंह,,,शिविर में रोजगार मेला, दिव्यांगजनों के लिए शिविर तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी के लिए स्‍टॉल लगाये

पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है - विधायक श्री मनोज चौधरी,,
-------------
जनकल्याण शिविर का उद्देश्‍य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और नागरिकों की समस्याओं त्वरित निराकरण – कलेक्‍टर श्री ऋतुराज सिंह,,,

शिविर में रोजगार मेला, दिव्यांगजनों के लिए शिविर तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी के लिए स्‍टॉल लगाये

     देवास 12 जून 2026 [शकील कादरी] राज्‍य शासन के निर्देशानुसार जिले में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अन्तर्गत छूटे हुये पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 12 से 18 जून 2026 तक प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर 03 दिवसीय ‘जनकल्याण शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत देवास में विकास खंडस्तरीय जन कल्याण शिविर का आयोजन कृषि उपज मंडी प्रांगण में हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी के लिए स्टॉल लगाए गए। विधायक श्री मनोज चौधरी, कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्योति शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

     शिविर में विधायक हाटपीपल्‍या श्री मनोज चौधरी ने जनकल्याण शिविर को 'एक पंथ सौ काज' की संज्ञा देते हुए कहा है कि इन शिविरों के माध्यम से शासन के सभी विभागों की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिल रहा है। इससे नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरगामी सोच का ही परिणाम है, जिसके तहत पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एक ही जगह उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहे हैं।

     विधायक श्री मनोज चौधरी ने जैविक खेती के फायदों से अवगत कराया और रासायनिक खादों से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गोबर की खाद का उपयोग करके भी पौष्टिक अनाज का उत्तम उत्पादन किया जा सकता है। विधायक श्री चौधरी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे केन्‍द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि जनकल्याणकारी शिविरों की जानकारी गांव-गांव के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रह सके। प्रदेश सरकार आपके साथ खड़ी है। सभी पात्र नागरिकों को केन्‍द्र और राज्‍य सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जायेगा।

     कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि अंतिम छोर पर बैठे पात्र नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के साथ जिले में 12 से 18 जून तक विशेष जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज देवास में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय शिविर का शुभारंभ किया गया।

     कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य उन पात्र नागरिकों को लाभान्वित करना है, जो किन्हीं कारणों से अब तक योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए थे। शिविर स्थल पर सभी शासकीय विभागों द्वारा 'हितग्राहीमूलक योजनाओं' की जानकारी और सहायता के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ नागरिक अपनी समस्याओं का तत्काल निराकरण करा सकते हैं।

     कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्‍ध कराने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने जिले के सभी शिक्षित एवं कुशल युवाओं से अपील की है कि वे 'देवास जॉब पोर्टल' पर अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं, जिससे उन्हें योग्यता के अनुसार रोजगार प्राप्त करने में आसानी हो। उन्होंने बताया कि आगामी समय में जिले में गारमेंट फील्ड की एक बहुत बड़ी कंपनी आ रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

     कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के किसान भाइयों से रासायनिक खाद के स्थान पर 'जैविक खेती' अपनाने का आग्रह किया और 'जैविक खेती' के लाभों की जानकारी भी दी। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि आगामी 15 जून से नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल प्रारंभ हो रहे हैं। सभी अभिभावक अपने बालक-बालिकाओं को स्कूल अवश्य भेंजे। शासन द्वारा बालिकाओं की उच्च शिक्षा के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर आज बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने नौनिहालों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर बच्चों का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने की भी अपील की।

     सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्‍योति शर्मा ने कहा कि जनकल्‍याण शिविर में ज्‍यादा से ज्‍यादा नागरिक आवेदन दें। शिविर में सभी नागरिकों की समस्‍या का निकाकरण किया जायेगा। उन्‍होंने कहा कि इन जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। शिविर स्थल पर ही प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा और नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

     शिविर में संबल योजना, सामाजिक न्याय विभाग की पेंशन योजना, मुख्‍यमंत्री जनकल्‍याण (संबल) योजना, लाडली लक्ष्मी योजना सहित अन्‍य हितग्राहिमूलक योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया। शिविर में देवास विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ शासकीय योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना और शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं को सीधे नागरिकों तक पहुँचाना रहा। शिविर में स्‍व सहायता समूह की महिलाओं ने आजीवीका मिशन से जुड़न के बाद उनके जीवन में आये परिवर्तन के अनुभव को साझा किया। उन्‍होंने आर्थिक रूप से सशक्‍त बनने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव को हृदय से धन्‍यवाद भी दिया।

     शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी के लिए लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को वि‍भागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई एवं पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भी जमा किए गए। युवाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से शिविर में एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें निजी कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। शिविर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष रूप से सहायता स्टॉल की व्यवस्था की गई, जहाँ उनके प्रमाण पत्र, उपकरण वितरण और अन्य शासकीय योजनाओं से उन्हें जोड़ने की त्वरित कार्रवाई की गई।

     इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुकेश पटेल, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती कलाबाई यादव, ज़िला पंचायत सदस्य श्री शिवम चौधरी, जनपद सदस्य श्री वरुण चौधरी, जनपद सदस्य श्री बालाराम कुमोद सहित अन्‍य जनप्रति‍निधिगण, अधिकारीगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज दुबे ने किया।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...