जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
देवास: जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर कन्हैयालाल तिलवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम बामनखेड़ा निवासी अमिता चंदेल ने आर्थिक सहायता राशि दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर संयुक्त कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं देवास निवासी संतोष सोनी पिता नेमीचंद सोनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का आवेदन दिया। आवेदक महेंद्र परमार ने भूमि का नामांतरण कराने तथा ग्राम सालमखेड़ी निवासी रमेश दास ने किसान सम्मान निधि प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन सौंपा। इन सभी आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संयुक्त कलेक्टर श्रीमती देशमुख ने अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करने को कहा।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में जमीन के सीमांकन, बिजली बिल कम कराने, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, नामांकन, बंटवारा, रास्ते से अतिक्रमण हटवाने और नालियों की साफ-सफाई जैसे विषयों पर भी आवेदन प्राप्त हुए। संयुक्त कलेक्टर ने सभी प्रकरणों में संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

0 Comments