सेना से सेवानिवृत्त होकर गाँव लौटे वीर अशोक सिंह परिहार का हुआ भव्य स्वागत
देवास। ग्राम मुड़ला आना के निवासी एवं भारतीय सेना के जवान अशोक सिंह परिहार 17 वर्षों तक देशसेवा करने के पश्चात अपने गृह ग्राम लौटे। उनके गाँव आगमन पर सोनकच्छ नगर में नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत कर देश के प्रति उनके समर्पण और सेवाओं को नमन किया। कार्यक्रम में उड़ान स्पोर्ट्स विकास समिति एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बच्चों और प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर वीर अशोक सिंह परिहार का सम्मान किया। विशेष रूप से उड़ान स्पोर्ट्स विकास समिति से जुड़े छोटे-छोटे बच्चों ने सैनिक अशोक सिंह परिहार को हार एवं फूल-मालाएँ पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बच्चों ने देशभक्ति के भाव के साथ उनका स्वागत करते हुए उनके त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सचिन सिंह परिहार ने कहा कि सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करते हैं और ऐसे वीर सैनिक समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। अशोक सिंह परिहार के सम्मान में आयोजित यह समारोह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सम्मान का विषय रहा।

0 Comments