Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

ई-रिक्शा रैली से दिया हरित भविष्य का संदेश, सैकड़ों महिलाओं के साथ विधायक निवास पहुँचीं मनोरमा सोलंकी

ई-रिक्शा रैली से दिया हरित भविष्य का संदेश, सैकड़ों महिलाओं के साथ विधायक निवास पहुँचीं मनोरमा सोलंकी
देवास। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और ईंधन बचत के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा द्वारा रविवार को अनूठी ई-रिक्शा रैली का आयोजन किया गया। महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोरमा सोलंकी के नेतृत्व में निकली इस रैली में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और शहरवासियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। ई-रिक्शा रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रैली के दौरान महिलाओं ने स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने, पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण का आह्वान किया। रैली जहां-जहां से गुजरी, वहां लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ। रैली का समापन विधायक गायत्री राजे पंवार के निवास पर हुआ, जहां महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनोरमा सोलंकी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में ई-वाहनों का उपयोग समय की मांग बन गया है। यदि हम आज से ही स्वच्छ ऊर्जा के विकल्पों को अपनाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी किसी भी जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी उद्देश्य से महिला मोर्चा ने ई-रिक्शा रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भी लोगों से अधिक से अधिक ई-वाहनों के उपयोग, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं और हर नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ, हरित और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
 रैली में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज की विभिन्न वर्गों की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...