अधिक मास में माहेश्वरी महिला संगठन ने किए सेवा एवं धर्म के पुण्य कार्य
देवास। अधिक मास के पावन अवसर पर माहेश्वरी महिला संगठन, देवास द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक सेवा से जुड़े दो प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संगठन की महिलाओं ने श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ इन आयोजनों में सहभागिता कर समाज के समक्ष संस्कार एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत 2 जून को हुई, जब संगठन की महिलाओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से शिप्रा नदी में दीप प्रवाहित किए तथा सावरियानाथ मंदिर में दीपदान कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। इसके बाद 8 जून को संगठन की सदस्याएं बसेरा वृद्धाश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने निवासरत बुजुर्गों के साथ आत्मीय समय व्यतीत किया। महिलाओं ने बुजुर्गों से स्नेहपूर्ण संवाद कर उनके अनुभवों को सुना और उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक एवं भजन सम्राट द्वारका मंत्री द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की मनमोहक प्रस्तुति पर वृद्धजन आनंदित होकर झूम उठे और उत्साहपूर्वक नृत्य भी किया। कार्यक्रम के अंत में माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा सभी वृद्धजनों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। इस दौरान संगठन की सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। संगठन की अध्यक्ष अनीता मंत्री, सचिव रेखा लाठी एवं निवर्तमान अध्यक्ष चेतना माहेश्वरी ने बताया कि अधिक मास के इस पुण्य काल में सेवा और धर्म के कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने सभी सहयोगी महिलाओं का आभार व्यक्त किया।
0 Comments