जय माता दी' के जयघोष के साथ 20वीं साइकिल यात्रा वैष्णोदेवी धाम के लिए रवाना, सामाजिक सरोकारों का देगी संदेश
2100 किलोमीटर की यात्रा में रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और नशामुक्ति का संदेश देंगे यात्री
देवास। बी.आर.के. संस्था एवं नरेंद्र मोदी विचार मंच द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली साइकिल यात्रा के क्रम में इस वर्ष 20वीं साइकिल यात्रा बुधवार को महाकाल कॉलोनी स्थित माँ वैष्णोदेवी धाम मंदिर से जम्मू-कश्मीर के माँ वैष्णोदेवी कटरा के लिए श्रद्धा और उत्साह के साथ लोकेश विजयवर्गीय के नेतृत्व में रवाना हुई। संस्था अध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक दीपक पाटनकर ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक दर्शन ही नहीं, बल्कि समाज में जनजागरण का संदेश देना भी है। यात्रा के दौरान "रक्तदान कर जीवन बचाइए", "स्टॉप डेम बनाकर पानी बचाइए", "जैविक खेती अपनाकर धरती बचाइए", "पौधे लगाकर पर्यावरण बचाइए", "योग कर स्वस्थ रहिए", "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ", "स्वच्छ भारत-श्रेष्ठ भारत बनाइए", "नशा मुक्त भारत बनाइए" तथा "पहली रोटी गाय की" जैसे प्रेरणादायी संदेश जन-जन तक पहुंचाए जाएंगे। यात्रा रवाना होने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक गायत्री राजे पवार, यात्रा प्रभारी लोकेश विजयवर्गीय, योग गुरु राजेश बैरागी, भारतीय मजदूर संघ की औद्योगिक इकाई इंजीनियरिंग श्रमिक संगठन के जिला महामंत्री महेंद्र सिंह परिहार, विश्व हिंदू परिषद के रमेश कौशल, पार्षद धर्मेंद्र सिंह बैस, भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम चौहान ने 15 साइकिल यात्रियों का 'जय माता दी' लिखे अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मान किया और उन्हें शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। इस अवसर पर गायत्री राजे पवार ने कहा कि दीपक पाटनकर के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों से यह साइकिल यात्रा निरंतर आयोजित की जा रही है। लगभग 2100 किलोमीटर की इस कठिन यात्रा में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन माँ तुलजा भवानी, माँ चामुंडा और माँ वैष्णो देवी के आशीर्वाद से सभी यात्री सकुशल दर्शन कर देवास लौटते हैं। उन्होंने सभी यात्रियों की सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। कार्यक्रम का संचालन लोकेश विजयवर्गीय ने किया। श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने यात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुरक्षित सफर की मंगलकामनाएं दीं।

0 Comments