फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करें - कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह,,
31 जुलाई को देवास में शंकरगढ़ पहाड़ी पर वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा,,
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास, 28 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने 'फार्मर रजिस्ट्री' कार्य की तहसीलवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बागली, कन्नौद और खातेगांव क्षेत्र में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बेहद कम पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम बागली, कन्नौद और खातेगांव को निर्देश दिए कि कार्य नहीं करने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करें। पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिले में 'कृत्रिम गर्भाधान' कार्य की बेहद सुस्त रफ्तार पर कलेक्टर श्री सिंह ने जिला पशुपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में प्रगति सबसे खराब पाई गई है, उन सभी संबंधितों का दो दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि देवास में 31 जुलाई को शंकरगढ़ पहाड़ी पर सुबह 09 बजे वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय सीमा में सभी आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि 01 अगस्त को दिशा की बैठक का आयोजन होगा। सभी जिला अधिकारी जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहे। इस दौरान बताया गया कि 02 अगस्त को खातेगांव में हितलाभ वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में हितग्राहीमूलक योजनाओं और रोजगार, स्वरोजगार योजनाओं का लाभ वितरण किया जाएगा। उन्होंने जिला अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी के लिए स्टॉल लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत सेम और मेम बच्चों के साथ-साथ एसयूडब्ल्यू बच्चों के पंजीयन की स्थिति जानी। उन्होंने जिले में चिन्हित सभी सेम और मेम बच्चों की वर्तमान संख्या की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदानी अमला सक्रिय होकर कार्य करे और जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को कुपोषण की श्रेणी से बाहर निकालकर सुपोषण की श्रेणी में लाया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में कैंसर स्क्रीनिंग की प्रगति, मधुमेह और उच्च रक्तचाप नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा कर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन में इन बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए और समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित किया जाए ताकि समय रहते गंभीर बीमारियों को नियंत्रित किया जा सके। वर्तमान मानसून सीजन को देखते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने डेंगू, मलेरिया, डायरिया के प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत जिले में टीबी स्क्रीनिंग, मरीजों के नियमित उपचार और पोषण सहायता की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान को गति देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत पात्र किसानों को इस योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए 'नल-जल योजनाओं' के संचालन, संधारण की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 और अमृत 2.0 के क्रियान्वयन की भी विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही शहरों को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए 'ठोस अपशिष्ट प्रबंधन' को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित आवेदनों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि समय सीमा से बाहर हुए प्रकरणों में सभी संबंधितों पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को चिन्हित सेवाएँ निर्धारित समय-सीमा में मिलना चाहिए। यदि कोई भी प्रकरण बिना किसी उचित कारण के समय-सीमा से बाहर होता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न विभागों के लंबित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा कर सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय पत्रों और जनहित से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सिंह ने अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन की समीक्षा कर निर्देश दिए कि जिले में अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के जितने भी लंबित प्रकरण हैं, उनका समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, एसीईओ जिला पंचायत श्री एस एस सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

0 Comments