शंकरगढ़ पहाड़ी पर शुक्रवार 31 जुलाई को वृहद स्तर पर होगा सामूहिक पौधारोपण,,
सामाजिक संगठन और पर्यावरण प्रेमी पौधारोपण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में करें सहभागिता – कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह
देवास: अमृत हरित महाअभियान-2026 अंतर्गत देवास शहर को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 31 जुलाई 2026 शुक्रवार को प्रातः 09 बजे शंकरगढ़ पहाड़ी देवास पर एक वृहद स्तर पर सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसमें जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संस्थाएं, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक सहभागिता कर पौधारोपण करेंगे।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने देवास शहर के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों से पौधारोपण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की है कि नागरिक न केवल पौधारोपण करें, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उन्हें जीवित रखने का संकल्प भी लें। कलेक्टर ने कहा कि जनसहभागिता के बिना कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता और सामूहिक प्रयासों से ही देवास को हरित व पर्यावरण अनुकूल बनाने का लक्ष्य साकार होगा। अमृत हरित अभियान के तहत देवास शहर में अब तक जनसहयोग, सीएसआर और निकाय निधि के माध्यम से लगभग 71 हजार पौधों का रोपण सफलतापूर्वक किया जा चुका है।

0 Comments