माध्यमिक विद्यालय नागौरा में श्री विष्णु पटेल का गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह,,
40 वर्षों की सेवा के बाद भावभीनी विदाई
देवास : माध्यमिक विद्यालय नागौरा में आज श्री विष्णु पटेल के सम्मान में गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य श्रीमती नीलिमा शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष मुख्य अतिथि श्रीमती नीलिमा शाह एवं श्री विष्णु पटेल द्वारा उनकी धर्मपत्नी के साथ दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात संस्था प्रधान श्रीमती उपासना तिवारी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्वागत उद्बोधन से अभिनंदन किया। श्री विष्णु पटेल का स्वागत जनशिक्षक श्री अरुण मिश्रा,श्री रमाशंकर सोनी एवं विद्यालय परिवार के समस्त सदस्यों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जनशिक्षक श्री अरुण मिश्रा ने बताया कि श्री विष्णु पटेल जी ने 21 नवम्बर 1986 को माध्यमिक विद्यालय बाई जगोड़ा में प्रथम नियुक्ति के साथ शासकीय सेवा प्रारंभ की। लगभग 40 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने सर्वाधिक 24 वर्ष माध्यमिक विद्यालय सुनवानी महाकाल में एवं अंतिम 2 वर्ष माध्यमिक विद्यालय नागौरा में सेवाएं दीं। विशेष बात यह रही कि जिस विद्यालय में उन्होंने कक्षा 1 से 5 तक शिक्षा प्राप्त की थी, उसी विद्यालय से 31 जुलाई 2026 को 40 वर्षों की सफल एवं समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए।
अपने सेवाकाल में श्री विष्णु पटेल जी ने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण से कार्य कर सहकर्मियों के साथ उत्कृष्ट समन्वय स्थापित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए स्वस्थ एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
समारोह में उनके परिवार से बेटा, बहू, बेटी, दामाद, परिवार के वरिष्ठजन, संकुल स्टाफ, सुनवानी महाकाल का स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 Comments