नगर निगम आयुक्त ने व्यापारियों से की अपील
क्यूआर कोड युक्त नेमप्लेट लगाकर गौशाला के विकास में करें सहयोग
देवास। नगर निगम देवास द्वारा संचालित शंकरगढ़ गौशाला के विकास, संरक्षण एवं गौसेवा को जनसहभागिता से और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार ने शहर के व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि नगर निगम की सहयोगी संस्था “अभिरंग” के माध्यम से विशेष क्यूआर कोड युक्त नेमप्लेट तैयार कराई गई हैं। शहर के व्यापारी एवं प्रतिष्ठान संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर उक्त नेमप्लेट लगाकर गौशाला के विकास एवं गौमाता की सेवा हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान कर सकते हैं। नेमप्लेट पर अंकित QR कोड को स्कैन करते ही दान राशि सीधे नगर निगम संचालित शंकरगढ़ गौशाला के खाते में जमा होगी, जिससे प्राप्त राशि का उपयोग गौवंश के चारा, चिकित्सा, रखरखाव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किया जाएगा। आयुक्त महोदय ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने नगर के सभी व्यापारियों एवं उद्योग बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर गौशाला के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी सौरभ त्रिपाठी, गौशाला के नोडल/स्वास्थ्य निरीक्षक हरेंद्र सिंह ठाकुर, गौशाला संचालक बसंत वर्मा तथा संदीप बैरागी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। नगर निगम देवास ने नगरवासियों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे क्यूआर कोड युक्त नेमप्लेट अभियान में सहभागी बनकर गौसेवा के इस पुनीत कार्य में अपना अमूल्य योगदान प्रदान करें।

0 Comments