एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत चिमनाबाई स्कूल में हुआ पौधारोपण, छात्राओं को दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देवास। प्रधानमंत्री के महत्वाकांक्षी "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत महारानी चिमनाबाई हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वृक्षारोपण को जन आंदोलन का रूप देना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य राजू सातपुते ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ता बुद्धसेन पटेल और पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष गंगासिंह सोलंकी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ भविष्य के लिए पेड़ लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। पौधारोपण में शिक्षक मनोहर सोलंकी, दीपक यादव, महेश मिश्रा, राजेश व्यास, अंकित गरासिया, बाबूलाल भाटी, गणेश लुडेले, राजेंद्र यादव और मनीष पटेल सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस मौके पर डॉ. गोविंद प्रसाद यादव ने छात्राओं और उपस्थित अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाने की दिशा में छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।

0 Comments