इंडोनेशिया के सोलो सिटी में अंतरराष्ट्रीय आर्ट कैंप का भव्य आयोजन।
देवास । इंडोनेशिया के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगर सोलो सिटी में आयोजित आठ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आर्ट कैंप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में विश्व के 28 देशों से आए आमंत्रित कलाकारों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कला के माध्यम से सांस्कृतिक संवाद को नई दिशा दी।
आर्ट कैंप के दौरान सभी अंतरराष्ट्रीय कलाकारों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिसमें भारत से शहर के चित्रकार जयप्रकाश चौहान शामिल हुए और अपनी कला यात्रा और "रिराइटिंग टूमारो" विषय पर कला पर अपने विचार रखे। आयोजन का विशेष आकर्षण फ्लैग मार्च रहा, जिसमें सभी देशों के कलाकार अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल हुए और विश्व शांति, सांस्कृतिक एकता तथा कला के वैश्विक संदेश को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलाकारों ने आर्ट कम्युनिकेशन, प्रेजेंटेशन, विचार-विमर्श तथा रचनात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान विभिन्न देशों की कला शैलियों, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत पर सार्थक चर्चा हुई, जिससे कलाकारों को एक-दूसरे की कला और संस्कृति को निकट से समझने का अवसर मिला।
आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागी कलाकारों को इंडोनेशिया की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। कलाकारों ने स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, ऐतिहासिक स्थलों और लोककलाओं का अवलोकन कर अपने अनुभव साझा किए।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर जयप्रकाश ने भारतीय कला एवं संस्कृति की गरिमा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन के समापन पर सभी कलाकारों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
यह अंतरराष्ट्रीय आर्ट कैंप कला, संस्कृति और वैश्विक मैत्री को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ, जिसने विभिन्न देशों के कलाकारों को एक साझा मंच पर जोड़ते हुए सांस्कृतिक सहयोग और रचनात्मक संवाद को नई ऊर्जा प्रदान की।

0 Comments