गुरु ही अंधेरे में प्रकाश दिखाता है
देवास। स्थानीय श्री नारायण विद्या मंदिर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक देवास में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर गुरु के महत्व को प्रतिपादित किया गया ।इसके साथ ही 15 जुलाई से चल रहे गुरु पूर्णिमा उत्सव पखवाड़े का समापन हुआ। उक्त जानकारी देते हुए संस्था के शिक्षक मिर्जा मुशाहिद बेग ने बताया दिनांक 15 जुलाई से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा उत्सव पखवाड़ा मनाया जा रहा है ,जिसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का दिनांक वार आयोजन किया गया।
प्रथम दिवस दीप प्रज्वलन ,सरस्वती वंदना के साथ गुरु पूर्णिमा उत्सव पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। इस पखवाड़े में भाषण प्रतियोगिता,मेरे जीवन में गुरु विषय पर निबंध प्रतियोगिता ,योगाभ्यास ज्ञान एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां ,कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक व्याख्यान आदि के साथ गुरु पूर्णिमा के दिन पुरस्कार वितरण संकल्प के साथ समापन हुआ।
निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं में सम्मान पटेल ने प्रथम ,कक्षा 11 में युवराज बामनिया ,कक्षा दसवीं में आर्यन चौहान, कक्षा 9वी में हर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्लोक प्रतियोगिता में दसवीं के छात्र प्रिंस कोगे ने प्रथम एवं नागेश्वर मालवीय कक्षा 10 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गुरु वंदना राजपाल राव, सावन, क्रिस, नागेश्वर, वंशपाल, कान्हा पोरवाल, रितेश राव, वीरेंद्र पटेल, मनीष मालवीय, रोहित शाक्य, प्रिंस कोगे, हेमंत साहू ने प्रस्तुत की।
इस कार्यक्रम की प्रभारी संस्था की शिक्षिका अंजू सोलंकी ने छात्रों का मार्गदर्शन किया एवं गतिविधियों का आयोजन किया। इस अवसर पर संस्था प्राचार्य के के मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु ही जीवन में मार्ग प्रशस्त करता है अंधेरे में प्रकाश दिखाता है। कार्यक्रम का संचालन संस्था के शिक्षक लोकेश सांवलिया ने किया।इस अवसर पर संस्था के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं सहित छात्र उपस्थित रहे।

0 Comments