यूजीसी बिल 2026 के विरोध में सर्व सवर्ण समाज ने सौंपा ज्ञापन,,
आरक्षण व्यवस्था में सुधार और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज रोकने की मांग
देवास। सर्व सवर्ण समाज द्वारा रविवार को यूजीसी बिल 2026 के विरोध एवं आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर राष्ट्रपति महोदय के नाम कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा गया। अधिवक्ता देवेंद्र सिंह व्यास ने बताया कि दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं नागरिकों पर किए जा रहे लाठीचार्ज का विरोध किया गया। इसी विरोध के चलते सर्व समाज द्वारा ज्ञापन दिया गया। अधिवक्ता हर्षित गांव शिंदे ने ज्ञापन का वाचन करते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा 13 जनवरी 2026 को राजपत्र में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से संबंधित अधिसूचना जारी की गई है। इसमें उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने तथा धर्म, नस्ल, जाति, लिंग, जन्म स्थान एवं दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव समाप्त करने की बात कही गई है। ज्ञापन में कहा गया कि इसी क्रम में लगभग 11 बिंदुओं पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग विनियम-2026 तैयार किए गए हैं, जिन्हें देशभर के उच्च शिक्षा संस्थानों में लागू किया जाना प्रस्तावित है। समाजजनों ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित प्रावधानों में सामान्य वर्ग के व्यक्तियों के विरुद्ध भेदभाव से संबंधित स्पष्ट प्रावधान नहीं किए गए हैं, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्ग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से संबंधित प्रावधानों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय से यूजीसी बिल 2026 के प्रावधानों पर पुनर्विचार करने, आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं नागरिकों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा व्यवस्था में समानता एवं न्याय सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान माखन सिंह राजपूत, ईश्वर सिंह राजपूत, राजेंद्र सिंह राठौड़, अधिवक्ता श्रेया चौबे, अल्पना तोमर, अधिवक्ता पवन रत्न तिवारी, अतुल शुक्ला, जीतू रघुवंशी, नमईश तिवारी, आदित्य दुबे, दिनेश मिश्रा, छोटू पांडे, रोहित उपाध्याय, अभिनव शुक्ला, रोहित शर्मा, नरेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में सर्व हिन्दू समाजजन उपस्थित रहे।

0 Comments