35 से अधिक जोड़ों ने किया सामूहिक लघुरुद्र अभिषेक एवं सत्यनारायण पूजन,,
अच्छी बारिश, सुख-शांति और हरियाली की कामना, नेपाल त्रासदी में मृतकों को दी श्रद्धांजलि
देवास। श्रावण मास के पावन अवसर पर महाराष्ट्र समाज के श्री गणपति मंदिर में पहली बार सामूहिक लघुरुद्र अभिषेक एवं सत्यनारायण कथा-पूजन का आयोजन धार्मिक विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में समाज के 35 से अधिक जोड़ों ने शामिल होकर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण करते हुए पूजन-अर्चन किया। महाराष्ट्र समाज के प्रवक्ता अमित बागलीकर ने बताया कि समाज के विद्वान पंडित अनिल बेलापुरकर गुरुजी के साथ ही विनायक सोलेगांवकर गुरुजी के मार्गदर्शन एवं 15 विद्वान पंडितों के सानिध्य में यह धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का लघुरुद्र अभिषेक एवं सत्यनारायण भगवान का पूजन किया गया।
सामूहिक पूजन के दौरान देश में सुख-शांति, खुशहाली, समृद्धि और अच्छी बारिश की कामना की गई। साथ ही देश एवं देवास में हरियाली बनी रहे, पर्यावरण सुरक्षित रहे तथा सभी नागरिक स्वस्थ एवं सुखी रहें, इसके लिए भगवान से प्रार्थना की गई। इस अवसर पर देवास एवं महाराष्ट्र समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बना रहे, इसके लिए भी सामूहिक प्रार्थना की गई। धार्मिक आयोजन के दौरान नेपाल में हुई दुखद त्रासदी में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाजजनों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भगवान से प्रार्थना की गई कि पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें। सामूहिक लघुरुद्र अभिषेक एवं सत्यनारायण पूजन का आयोजन धर्म, मानवता, सामाजिक एकता और देश की सुख-समृद्धि की भावना के साथ संपन्न हुआ। अंत में समाजजनों ने देश, देवास एवं समाज में शांति, खुशहाली, अच्छी बारिश, हरियाली और आपसी भाईचारा बनाए रखने की सामूहिक प्रार्थना की।

0 Comments