नन्हे कांवड़ियों ने दिया सनातन संस्कारों का संदेश,,
देवास। सावन के पावन माह में संस्था मिट्टी खेल द्वारा शहर में अनूठी बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में 50 से अधिक नन्हे कांवड़ियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की। हाथों में कांवड़ और मुख पर भगवान शिव के जयकारों के साथ निकली यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्राचीन भोलेनाथ मंदिर पहुंची, जहां बच्चों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व शनि मंदिर के विद्वान आचार्य अजय कानूनगो एवं आयुष कानूनगो ने सभी कांवड़ों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं आरती कराई। इसके बाद समाजसेवी अशोक सोमानी, महेंद्र बाकलीवाल, नितिन गुप्ता एवं राखी झालानी के आतिथ्य में बाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा का उद्देश्य बच्चों को धार्मिक परंपराओं और भारतीय संस्कृति से जोड़ना रहा। संयोजिका रूपल सोमानी एवं खुशबू लाठी ने बच्चों को कांवड़ यात्रा की परंपरा, धार्मिक महत्व तथा सनातन संस्कारों की जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति आस्था एवं सम्मान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायक द्वारका मंत्री ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे यात्रा का वातावरण भक्तिमय हो गया। भगवान शिव के जयकारों और भजनों के बीच नन्हे कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं इष्ट-मित्र परिवारों द्वारा बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। मिल रोड पर पुष्पवर्षा के साथ आइसक्रीम भी वितरित कर नन्हे कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शनि मंदिर परिवार, वैश्य महासम्मेलन परिवार एवं सामाजिक इष्ट-मित्र परिवारों का विशेष सहयोग रहा। टीम मिट्टी खेल के सदस्यों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। संयोजिका रूपल सोमानी एवं खुशबू लाठी ने बताया कि बाल कांवड़ यात्रा का उद्देश्य बच्चों को आनंद, सहभागिता और धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आस्था एवं सनातन संस्कारों से जोड़ना है। बच्चों की श्रद्धा और उत्साह ने आयोजन को विशेष और यादगार बना दिया। इस अवसर पर महेंद्र बंसल ,अनूप पुरोहित, प्रमोद गुप्ता, उमेश नामदेव , राजेश विजयवर्गीय, अर्चना प्रीतेश शर्मा , रितु गुप्ता, प्रियंका खंडेलवाल अलका भूतड़ा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अनिकेत सोमानी ने आभार माना। यह जानकारी अभिषेक लाठी ने दी।

0 Comments