सुनील यादव को मिला ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’,,
अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा नई दिल्ली में सद्भावना दिवस समापन महोत्सव में सामाजिक योगदान के लिए किया सम्मानित
देवास। विश्व बंधुत्व एवं ‘विश्व बन्धुत्व एकामहे’ की कार्ययोजना को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने वाले अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा नई दिल्ली में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के समापन अवसर पर सद्भावना दिवस समापन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में अनुसूचित जाति जनजाति विकास परिषद, मप्र अध्यक्ष सुनील यादव को उनके सामाजिक योगदान एवं जनसेवा के लिए ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, अध्यक्षता चांसलर एवं प्रसिद्ध कानूनविद् डॉ. एच.सी. गणेशिया ने की। विशिष्ट अतिथि सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक चौधरी रोहताश बेदी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के राजनीतिक सलाहकार हरपाल रावत, नेपाल राष्ट्र के जगतगुरु शिव शक्ति बाबा तथा अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। आयोजन में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘ग्लोबल विलेज’ एवं ‘सत्यम् शिवम् सुन्दरम्’ की अवधारणाओं को मूर्त रूप देने के साथ वैश्विक शांति, सामाजिक समरसता, मानव एकता एवं भारत की प्रतिष्ठा को विश्व स्तर पर सुदृढ़ करने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविद्, अधिवक्ता, समाजसेवी, चिकित्सक, पत्रकार, सांस्कृतिक प्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं ने सहभागिता की।

0 Comments