पूर्व अध्यक्षों एवं निर्वाचन समिति का सम्मान, बापट को सौंपा अभिनंदन पत्र
देवास। अभिभाषक संघ देवास द्वारा मंगलवार को संघ कक्ष में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2016 से 2026 के बीच अभिभाषक संघ की लगातार पांच कार्यकारिणियों के निर्वाचन संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निर्वाचन अधिकारी श्री राजेंद्र बापट सहित निर्वाचन समिति के 15 सदस्यीय दल का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कपिल मेहता ने श्री बापट एवं निर्वाचन समिति के सदस्यों को अभिनंदन पत्र सौंपकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्षों को भी उनके कार्यकाल के दौरान संघ के विकास एवं अधिवक्ताओं के हित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डी.एस. गुप्ता, सुरेंद्र पंड्या, जे.के. वर्मा, अर्जुन सिंह राठौड़, अर्जुन सिंह रावत, मनोज हेतावल, सुधीर नागर, सुरेश चौधरी एवं अशोक वर्मा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कपिल मेहता द्वारा अभिनंदन किया। कार्यक्रम में अभिभाषक संघ अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी एवं सचिव श्री चंद्रपाल सिंह सोलंकी की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र बापट का भी विशेष सम्मान किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में उनके योगदान को सराहा गया। निर्वाचन समिति के 15 सदस्यों को भी सम्मानित कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के सचिव चंद्रपाल सिंह सोलंकी (छोटू) के स्वागत भाषण से हुआ। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष श्री मनोज हेतावल एवं श्री हेमंत शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। संघ अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी ने भी कार्यक्रम की महत्ता एवं संघ की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अंत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कपिल मेहता ने संबोधित करते हुए पूर्व पदाधिकारियों, निर्वाचन समिति एवं वर्तमान कार्यकारिणी के योगदान की सराहना की। संचालन रघुवीर यार्दी ने किया। समारोह में जिले के सभी न्यायाधीश, निर्वाचन समिति के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, वर्तमान अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभिभाषक उपस्थित रहे।

0 Comments