देवास में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, हर बूथ पर प्रज्वलित होंगे 100 दीपक,,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम,,
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ.दिव्या गुप्ता व जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी,,
देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा द्वारा देशभर में शुरू किए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत देवास जिले में भी एक माह तक विभिन्न सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, केंद्र सरकार की योजनाओं से हुए बदलाव और विकसित भारत-2047 के संकल्प को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
सोमवार को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ., दिव्या गुप्ता ने प्रेसवार्ता में अभियान की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने भी अभियान के उद्देश्य और जिले में होने वाली गतिविधियों को लेकर संबोधित किया।
हर बूथ पर 100 दीपक, हर परिवार से एक दीया जलाने का आह्वान-
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ.दिव्या गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दिन जिले के प्रत्येक बूथ पर 100-100 दीपक जलाने का आह्वान किया गया है। शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थानों के साथ लाभार्थी परिवारों और आम नागरिकों की सहभागिता से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। प्रत्येक परिवार से भी शाम को एक दीपक जलाने की आग्रह किया गया । यह दीपक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति आभार के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा।
सेवा को जनभागीदारी से जोड़ना अभियान का उद्देश्य-
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सैंधव ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसमें युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक भी शामिल होंगे। जिले में रक्तदान, स्वच्छता, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, महिला स्वास्थ्य, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, योग और फिटनेस सहित कई सेवा गतिविधियां होंगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का प्रयास यही है कि सेवा का कार्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और लोग अपनी क्षमता के अनुसार इसमें योगदान दें।
डॉ. सैंधव बोले - 25 वर्ष की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएंगे-
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश के लिए सेवा, विकास और बदलाव की लंबी यात्रा कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इस यात्रा और केंद्र सरकार की योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि लोगों को सेवा से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथ और क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचें तथा अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दें।
डॉ. सैंधव ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' का मंत्र ही इस अभियान की मूल भावना है। देवास जिले में भी कार्यकर्ता इसी भावना के साथ सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
स्कूलों में बच्चे बताएंगे अपने सपनों का भारत-
17 सितंबर से 07 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों में 'सपनों का भारत' विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। बच्चों को विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पना और विचार सामने रखने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
नुक्कड़ नाटक से बताएंगे 25 वर्षों की सेवा गाथा-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक और नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। गांवों, स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक संदेश पहुंचाया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों से संवाद-
25 सितंबर से 07 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें बच्चों और उनकी माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
सामने आएंगी योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानियां-
अभियान में सरकारी योजनाओं से लाभ लेने वाले लोगों की वास्तविक कहानियां भी सामने लाई जाएंगी। लाभार्थियों से बातचीत कर यह बताया जाएगा कि किस योजना से उनके जीवन में क्या बदलाव आया। इन कहानियों के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।
'सेवा सेतु' शिविरों में मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी-
'सेवा सेतु अभियान' के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन करने और योजनाओं का लाभ लेने में सहायता की जाएगी। स्वास्थ्य जांच जैसी गतिविधियों को भी शिविरों से जोड़ा जाएगा।
07 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा-
07 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों से पदयात्रा, साइकिल और बाइक समूह निर्धारित स्थान पर पहुंचेंगे। यहां जनसंवाद के साथ विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
25 मिनट सेवा कार्य करने की अपील-
'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों से कम से कम 25 मिनट का श्रमदान या सेवा कार्य करने की अपील की गई है। इसके लिए रक्तदान, स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, शिक्षा सहयोग, स्वास्थ्य जागरूकता सहित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां निर्धारित की गई हैं।
आमजन की भागीदारी से अभियान को व्यापक बनाने का प्रयास-
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिले के प्रत्येक बूथ से लेकर गांव और शहर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घर पर एक दीपक जलाकर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में सहभागी बनने तथा पूरे अभियान के दौरान अपनी सुविधानुसार किसी न किसी सेवा गतिविधि में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष बहादुर मुकाती, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, जिला प्रवक्ता रुचिका बर्डे,प्रतीक सोलंकी उपस्थित थे। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

0 Comments