शिक्षक ही समाज को नई दिशा देता है -पं. देवकृष्ण व्यास,,
पं. कोदरमल व्यास शिक्षा सम्मान-2026 से पं. देवकृष्ण व्यास सम्मानितदेवास। शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज, देवास द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला पं. कोदरमल व्यास शिक्षा सम्मान-2026 इस वर्ष राष्ट्रीय कवि, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद् पं. देवकृष्ण व्यास को प्रदान किया गया। उन्हें शाल, श्रीफल एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कर्मचारी कॉलोनी, स्टेशन रोड स्थित कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता श्री कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज इंदौर के पं. रामचन्द्र दुबे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए श्री कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. धर्मेन्द्र मिश्रा ने पं. कोदरमल व्यास के व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह ब्रह्मलीन पं. कोदरमल व्यास की स्मृति में आयोजित किया जाता है और इस वर्ष आयोजन का दसवां वर्ष है। इससे पूर्व वर्ष 2023 में श्रीमती अर्चना दुबे, 2024 में श्रीमती सुमन शुक्ल तथा 2025 में श्रीमती अनामिका अचल अग्निहोत्री को यह सम्मान प्रदान किया जा चुका है। पं. कोदरमल व्यास टोककला हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए थें। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में डबल एम.ए. की उपाधि प्राप्त की । शिक्षा के प्रसार के लिए उन्होंने अनेक छोटे-बड़े प्रयास किए। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की फीस भरने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया। उनके प्रयासों से अनेक विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला। समाज के विकास और उत्थान के लिए भी उन्होंने उल्लेखनीय प्रयास किए। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि वह समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। ब्रह्मलीन पं. कोदरमल व्यास द्वारा शिक्षा एवं समाज के लिए किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेंगे। इस अवसर पर श्रीमती सरला देवी व्यास, पं. यशवंत तिवारी, डॉ. बंसीलाल वर्मा, पं. देवकीनंदन समाधिया, पं. रितेश त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मिश्रा, प्रदीप शुक्ला, श्रीमती ज्योति शर्मा, पूर्व पार्षद अजीत भल्ला, सर्व ब्राह्मण कल्याण संघ देवास के अध्यक्ष पं. प्रशांत शर्मा, श्रीमती वीणा तिवारी, पं. अनिल मिश्रा, सुभाषचंद्र जैन, पं. चंद्रकांत दीक्षित, श्रीमती शोभा मिश्रा सहित समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पं. देवकृष्ण व्यास को सम्मान मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आभार सर्व ब्राह्मण समाज संघ देवास के अध्यक्ष पं. प्रशांत शर्मा ने माना। कार्यक्रम का आयोजन श्री कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. धर्मेन्द्र मिश्रा द्वारा किया गया।

0 Comments