देवास के लिए अंतरराष्ट्रीय गौरव: सेंट थॉम एकेडमी को मिला ग्लोबल ग्रीन स्कूल अवॉर्ड 2026
देवास। शहर के लिए गौरव की खबर है। भोपाल रोड स्थित सेंट थॉम एकेडमी को न्यूयॉर्क में आयोजित 10वें एनवाईसी ग्रीन स्कूल कॉन्फ्रेंस में प्रतिष्ठित ग्लोबल ग्रीन स्कूल अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह आयोजन मैनहट्टन के सनी ग्लोबल सेंटर में क्लाइमेट वीक एनवाईसी और संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के तहत हुआ।
ग्रीन मेंटर्स द्वारा आयोजित यह सम्मेलन संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक परिषद के विशेष परामर्शदात्री दर्जे वाली संस्था द्वारा किया गया था। सम्मान न्यूयॉर्क के सीनेटर गुस्तावो रिवेरा और अधिकारी दिलीप चौहान ने प्रदान किया। एकेडमी की ओर से डायरेक्टर श्रीमती हैंसी थॉमस और श्रीमती रिनी थॉमस ने पुरस्कार ग्रहण किया, जहां विश्वभर के शिक्षाविद और नीति निर्माता मौजूद थे।
विद्यालय का चयन सतत विकास पहलों और पर्यावरण शिक्षा के समग्र दृष्टिकोण के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल ने सराहना की कि स्कूल ने परिसर को किताबी ज्ञान से हटकर जीवंत प्रयोगशाला बनाया है। जल संरक्षण, कचरा पुनर्चक्रण, स्वच्छ ऊर्जा, हरियाली और जैव विविधता संरक्षण में किए गए कार्यों, छात्रों द्वारा वृक्षारोपण, सीडबॉल वितरण और जागरूकता अभियानों को विशेष रूप से सराहा गया।
दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र महासचिव कार्यालय की मारिया चेपुरिना सहित वैश्विक शिक्षा सुधारकों ने संवाद किया।
ग्रुप प्रेसिडेंट श्री सुनील थॉमस ने कहा कि यह सम्मान देवास में प्रतिदिन किए जा रहे समर्पित कार्यों का परिणाम है। इसका श्रेय शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों को जाता है जिन्होंने देवास को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

0 Comments