मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास जिले के पुंजापुरा में 24 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल,,
देवास, 23 सितंबर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा सेवा संकल्प अभियान के तहत दिनांक 24 सितंबर 2026 गुरुवार को देवास जिले के पुंजापुरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से वडनगर के लिए निकाली गई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल बाइक राइडर्स से संवाद करेंगे।
पुंजापुरा में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, बागली विधायक श्री मुरली भंवरा एवं श्री राय सिंह सेंधव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में आमजन भी सहभागिता करेंगे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक विशेष बाइक यात्रा निकाली जा रही है। 17 सितंबर को वाराणसी से रवाना हुई इस यात्रा में 250 बाइकों पर 500 सेवा यात्री शामिल हैं। यात्रा विभिन्न राज्यों के अनेक जिलों एवं गांवों से होकर वडनगर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। यात्रा में विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं उपलब्धियों से संबंधित सामग्री प्रदर्शित करने वाले वाहन भी शामिल हैं।

0 Comments