ऑपरेशन त्रिनेत्रम् की बड़ी सफलता: 250+ CCTV खंगाले, 120 किमी तक पीछा कर चोरी की ईको कार बरामद,,
देवास पुलिस ने 5 दिन में किया खुलासा, 3 लाख की कार जंगल से मिली, एक आरोपी गिरफ्तार
देवास। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गई ईको कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
फरियादी कमल पिता नाथुलाल चौहान उम्र 45 वर्ष निवासी अमोना देवास ने 09.09.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बैंड-बाजा का काम करता है। 07.09.2026 की रात 8 बजे उसने अपनी ईको कार क्रमांक MP09CG6506 चॉकलेट कंपनी के सामने अमोना में खड़ी की थी, जो 08.09.2026 की सुबह गायब मिली। रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 815/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल से सलसलाई तक करीब 120 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। फुटेज में दो संदिग्धों को चोरी की कार ले जाते चिन्हित किया गया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर 13.09.2026 को घटना के 5 दिन के भीतर आरोपी कार्तिक बोड़ाना पिता रामप्रसाद बोड़ाना उम्र 20 वर्ष निवासी इंद्रानगर बीराखेड़ी जिला देवास को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी गई कार ग्राम बुडलाय के जंगल से बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने वारदात अपने साथी विशाल पिता महेश परमार निवासी ग्राम बुडलाय जिला शाजापुर के साथ करना बताया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी, प्रधान आरक्षक संजय सिसोदिया, प्रधान आरक्षक मुकुट पटेल, शांतिलाल, आरक्षक अर्पित जायसवाल, लक्ष्मीकांत, अजय जाट, नरेन्द्र सिरसाम तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments