महिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने पुलिस भर्ती बैंड प्रक्रिया व शिक्षकों की कमी एवं अन्य विषयों को लेकर दिया ज्ञापन
देवास। महिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती प्रकिया की निष्पक्षजांच एवं जर्जर विद्यालय भवनोें, शिक्षकों की कमी एवं भीखुपुरा में बच्चों से मजदूरी के मामले में संयुुक्त रूप से महिला कांग्रेस प्रदेश सह सचिव सेजल पटेल एवं छात्र नेता दीपांशु गेहलोत के नेतृत्व में जिलाधीश के नाम ज्ञापन दिया गया जिसमें बताया गया कि मध्य प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यार्थियों एवं आमजन के बीच कुछ गंभीर सवाल एवं आशंकाएँ सामने आ रही है। ऐसी स्थिति में भर्ती प्रक्रिया की निष्क्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही मांग की गई कि मध्य प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जाँच कराई जाए तथा भर्ती से संबंधित चयन प्रक्रिया, मेरिट, दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक बिद्दुओं की उचित जाँच सुनिश्चित की जाए। यदि जाँच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए, ताकि योग्य अभ्यार्थियों के साथ न्याय हो सके और भर्ती प्रक्रिया पर किसी प्रकार का संदेह न रहे।
जिले के अनेक शासकीय विद्यालयों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। कहीं विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में हैं, कहीं पर्याप्त भवन एवं मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है, तथा कई विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। इसी प्रकार ग्राम भीखुपुरा में स्कूली बच्चों से मजदूरी करवाए जाने का अत्यंत गंभीर मामला भी हमारे संज्ञान में आया था, जिसे संगठन द्वारा प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। इस मामले में संबंधित शिक्षक को निलंबित किया गया है, जिसके लिए हम प्रशासन का धन्यवाद करते हैं। हमारी मांग है कि गठित जांच समिति को निश्चित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाएं तथा जांच में शिक्षक दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मांग है कि देवास जिले के सभी शासकीय विद्यालयों का विशेष निरीक्षण दल गठित कर सघन निरीक्षण करवाया जाए तथा जर्जर भवन, शिक्षकों की कमी, शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुधार तत्काल करवाए जाएं। जिले के सभी जर्जर व असुरक्षित विद्यालय भवनों का तकनीकी सर्वे एवं भौतिक निरीक्षण कराया जाए। असुरक्षित भवनों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु तत्काल उचित व सुरक्षित व्यवस्था की जाए। शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। ग्राम भीखुपुरा मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करवाई जाए। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कठोर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। भविष्य में बच्चों से किसी भी प्रकार का अनुचित कार्य न कराया जाए, इसके लिए विद्यालयों का नियमित निरीक्षण हो। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह गौड़, श्रीकांत चौहान, दिपांशु गेहलोत, सेजल पटेल, शिवानी गुज्जर ,आशीष धाकड़ जितेंद्र पटेल, अभिषेक गोयल, प्रिंस,करिश्मा जोशी, कल्पना पटेल , अंशुल मालवीय, देवकरण पटेल आदि उपस्थित थे ज्ञापन का वचन सेजल पटेल ने किया जानकारी अजय जायसवाल ने दी।

0 Comments