देवास। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी #समरसता_संकल्प_अभियान के तहत शनिवार को खातेगांव में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी की विशेष उपस्थिति रही।
शिवराज सिंह चौहान जी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की आरती में शामिल होकर श्रद्धा अर्पित की तथा समरसता संकल्प यात्रा में सहभागिता की। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान जी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के समरसता और समानता के संदेश को याद करते हुए कहा कि “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सभी को अन्न, छोटे-बड़े सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न।” उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज जी ने समाज को भेदभाव से मुक्त होकर समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि समाज में कोई छोटा-बड़ा नहीं है, सभी समान हैं और सभी को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। संत रविदास महाराज जी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज को एकता और समरसता की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा,भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार, जिला मंत्री कपिल सिंह पवार, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमोद डोगलिया, मनीष डांगी, सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

0 Comments