‘अहिंसा स्तंभ’ का
विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने किया लोकार्पण,,
नागरिक महावीर के संदेश को आत्मसात करेंगे तभी स्तंभ की सार्थकता होगी
देवास। सर्वधर्म समभाव, मानव कल्याण एवं भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम देवास द्वारा कलेक्टर कार्यालय के सामने निर्मित ‘अहिंसा स्तंभ’ का मंगलवार, 22 सितंबर को भव्य समारोह में लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित जैन समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अहिंसा स्तंभ का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमंत पवार ने कहा कि “सर्वधर्म समभाव और मानव जाति के कल्याण के लिए भगवान महावीर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की भावना से निर्मित इस अहिंसा स्तंभ का लोकार्पण करते हुए हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। नागरिक भगवान महावीर के संदेश और विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे, तभी इस स्तंभ के निर्माण की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी।”
महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने अहिंसा स्तंभ के लोकार्पण पर जैन समाज सहित समस्त नगरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह स्तंभ शहर में शांति, सद्भाव और अहिंसा का संदेश प्रसारित करता रहेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि भगवान महावीर के विचार आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणादायी हैं। हम उनके सिद्धांतों को अपने आचरण में उतारकर ही इस अहिंसा स्तंभ की सार्थकता सिद्ध कर सकते हैं।
नगर निगम सभापति रवि जैन ने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा एवं मानव कल्याण के संदेश को जनमानस तक पहुंचाने की भावना से इस स्तंभ का निर्माण किया गया है। उन्होंने अहिंसा स्तंभ के निर्माण को साकार करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल एवं नगर निगम परिषद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि अहिंसा स्तंभ आने वाली पीढ़ियों को भी भगवान महावीर के विचारों और अहिंसा के मार्ग को आत्मसात करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में समाजसेवी विजय जैन एवं राजेश जैन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अहिंसा स्तंभ के निर्माण के लिए विधायक, महापौर, सभापति रवि जैन एवं नगर निगम परिषद के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अहिंसा स्तंभ के लोकार्पण के अवसर पर निगम लोक निर्माण समिती अध्यक्ष गणेश पटेल, शहरी गरीबी उपशमन विभाग समिती अध्यक्ष शीतल गेहलोत, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेन्द्रसिंह बैस, वार्ड पार्षद बाली घोसी, आलोक साहू, पार्षद राहूल दायमा, सोनू परमार, रामदयाल यादव, महेश फुलेरी, राजा अकोदिया, विकास जाट, राजेन्द्र ठाकुर, एल्डरमेन सचिन सोनी, हरिश देवलिया, राजेश यादव, पार्षद प्रतिनिधि संजय दायमा, नितीन आहूजा, अजय पडियार, मुकेश मोदी, मंडल अध्यक्ष सुरेश सिलोदिया, देवेन्द्र नवगोत्री, जिला महामंत्री राजेश यादव, जूगनू गोस्वामी, मनोज राय, विपुल अग्रवाल, विजय तरवेचा एवं विशेष रूप से जैन समाज के वरिष्ठजन, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने अहिंसा स्तंभ को देवास की पहचान में एक प्रेरणादायी अध्याय बताते हुए भगवान महावीर के “जियो और जीने दो” तथा अहिंसा के शाश्वत संदेश को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

0 Comments