कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने भौंरासा में विभिन्न विकास कार्यों और संस्थानों का किया निरीक्षण
संजय नगर का सर्वे कर सैटेलाइट इमेज फ्रीज करने और ग्रामीण क्षेत्र में शामिल करने के दिए निर्देश; अतिक्रमण करने वालों पर होगी एफआईआर
देवास: कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने सोनकच्छ तहसील के भौंरासा प्रवास के दौरान क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों, बुनियादी अधोसंरचना और सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने संजय नगर क्षेत्र का मुआयना करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि संजय नगर का व्यवस्थित सर्वे कराया जाए और क्षेत्र की वर्तमान भौगोलिक स्थिति को दर्ज करने के लिए सैटेलाइट इमेज तत्काल फ्रीज की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संजय नगर क्षेत्र, उसकी आबादी तथा मतदाताओं को ग्रामीण क्षेत्र में विधिवत शामिल करने की प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण की जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को मूलभूत शासकीय सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त हो सके। कलेक्टर श्री सिंह ने सख्त चेतावनी दी कि वर्तमान स्थिति दर्ज होने के बाद यदि कोई व्यक्ति शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने दमयंती तालाब का जायजा लिया। उन्होंने तालाब के गहरीकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि तालाब के कैचमें क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण को फौरन हटाया जाए, जिससे पानी के प्राकृतिक प्रवाह में किसी प्रकार का अवरोध न रहे।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने ट्रेंचिंग ग्राउंड का जायजा लिया और कचरा निस्तारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी व वैज्ञानिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरे से मिट्टी अलग करने वाली पटका मशीन सभी नगर पंचायतों को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।इसके उपरांत कलेक्टर श्री सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंरासा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

0 Comments