देवास : जन संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में विधायक श्री मनोज चौधरी, श्री राय सिंह सेंधव, महापौर प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल, श्री राजेश यादव, श्री बहादुर मुकाती, शिक्षा विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में जिले के 350 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत, मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों की भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।
कार्यक्रम में जिले के छः विकासखंडों से भाषण प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी ओजस्वी वाणी में ‘विकसित भारत, मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार एवं भविष्य के भारत के सपने साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, स्वच्छता, पर्यावरण, रोजगार, आत्मनिर्भरता एवं देश के विकास से जुड़े अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता के 4 विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और विचारों के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना को जीवंत रूप प्रदान किया।

0 Comments