नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक संपन्न,,,
विसर्जन चल समारोह में मां चामुण्डा और मां तुलजा भवानी की पालकी को गार्ड ऑफ ऑनर देगा प्रशासन
देवास:देवास की अधिष्ठात्री देवियों- मां चामुण्डा एवं मां तुलजा भवानी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष नवरात्रि के पावन पर्व पर एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। माता टेकरी से निकलने वाले पारंपरिक विसर्जन चल समारोह के दौरान सयाजी द्वार पर जिला प्रशासन द्वारा दोनों देवियों की पवित्र पालकी (सवारी) को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया जाएगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय सोमवार को नगर निगम सभाकक्ष में नवरात्रि पर्व की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया।
बैठक में देवास विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार ने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि देवास की पहचान और विकास मां चामुण्डा एवं मां तुलजा भवानी के आशीर्वाद से है। ऐसे में विसर्जन समारोह में पालकी को सयाजी द्वार पर प्रशासनिक स्तर पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाना चाहिए। विधायक के इस प्रस्ताव पर कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने तत्काल सहमति प्रदान करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, नगर निगम सभापति श्री रवि जैन, निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, सीएसपी श्री सुमित अग्रवाल एवं विधायक प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, टेकरी के मंदिरों में नहीं लगेंगे ताले
विधायक श्रीमती पवार ने कहा कि टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पार्किंग स्थलों पर उनके साथ पूरा सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमान जी, कालका माता एवं खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों को खुला रखने के निर्देश दिए, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक निर्णय लिया। साथ ही उन्होंने आयोजकों और नागरिकों से अपील की कि शहर में लगने वाले होर्डिंग्स व बैनरों में दोनों माताओं के चित्रों को सर्वोच्च स्थान और सम्मान दिया जाए।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और सफाई व्यवस्था
महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल ने माता टेकरी, परिक्रमा मार्ग, शंख द्वार और सीढ़ी मार्ग पर अस्थायी अतिक्रमण हटाने तथा श्रद्धालुओं से अभद्रता करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रसादी वितरण, भंडारों एवं पूरे मेला परिसर में पॉलिथीन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नगर निगम को सुबह-शाम शहर और दुर्गा पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया।
शहरभर में लाइव प्रसारण एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
सभापति श्री रवि जैन ने शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से माता दर्शन का सजीव प्रसारण करने, 24 घंटे पर्याप्त प्रकाश, माता टेकरी पर भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने तथा पर्याप्त मेडिकल टीमों के साथ एम्बुलेंस की तैनाती का सुझाव दिया।
कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश; लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण माता टेकरी परिसर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, साइनेज, पीने के पानी, मजबूत बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से सघन निगरानी सुनिश्चित की जाए। रसूलपुर, टाटा, इंदिरा गांधी और भोपाल चौराहा पर पी.ए. (माइक) सिस्टम व पुलिस बल तैनात रहेगा। सड़कों पर खुले मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों के विरुद्ध 5 हजार रुपये या उससे अधिक का चालान लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों को आगामी दो दिनों में कार्ययोजना का रोडमैप व स्थलों की रेकी कर एसडीएम को रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा 10 दिवसीय ड्यूटी के लिए नोडल व फील्ड अधिकारियों की सूची सौंपने के निर्देश दिए। आयुक्त नगर निगम ने अवगत कराया कि पेयजल, आवारा मवेशियों व श्वानों को हटाने, मार्गों की साज-सज्जा और पार्किंग स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।

0 Comments