Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

“सेवा संकल्प अभियान” अंतर्गत आंगन मिलन समारोह संपन्न----------एक महिला को शिक्षित करने से पूरा परिवार और समाज होता है शिक्षित : विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार


“सेवा संकल्प अभियान” अंतर्गत आंगन मिलन समारोह संपन्न
----------
एक महिला को शिक्षित करने से पूरा परिवार और समाज होता है शिक्षित : विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार
देवास: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” के तहत पुलिस लाइन देवास स्थित वार्ड क्रमांक 32 के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 05 में ‘आंगन मिलन समारोह’ का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवास विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमंत पवार ने कहा कि एक पुरुष को शिक्षित करने से केवल एक व्यक्ति शिक्षित होता है, परंतु एक महिला को शिक्षित करने से पूरा परिवार और समाज शिक्षित होता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक अर्थ शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वयं निर्णय लेने का अधिकार प्राप्त करना है। भारतीय संस्कृति में नारी को आदिशक्ति का स्वरूप माना गया है।

विधायक श्रीमती पवार ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में एक माह तक चलने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में तीन दिवसीय थीम के आधार पर आयोजित किया जा रहा है। प्रथम दिवस वृक्षारोपण, बच्चों के खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और महिला लाभार्थियों से संवाद; द्वितीय दिवस पोषण संवाद तथा तृतीय दिवस सफलता की कहानियों पर केंद्रित रहेगा, जिससे आंगनवाड़ी केंद्रों से समुदाय का जुड़ाव और अधिक प्रगाढ़ होगा।

महापौर प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बेटियों की उन्नति के लिए लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना जैसी युगांतरकारी योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का आह्वान किया। श्री राजेश यादव ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना एवं लाडली बहना जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु शुरू की गई हैं, और इनकी वास्तविक सफलता तभी संभव है जब महिलाएं इनका सक्रिय लाभ उठाएं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एस.ए. सिद्दीकी ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 26 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को सेवा, पोषण, सहभागिता और सम्मान के उत्सव के रूप में सक्रिय करना तथा फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करना है।

कार्यकर्ताओं और लाडली लक्ष्मियों का सम्मान

समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही लाडली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अतिथियों ने विभागीय योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद भी किया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। अंत में अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, श्री नवीन सोलंकी, श्रीमती मनोरमा सोलंकी, आंगन मिलन समारोह की देवास प्रभारी शोभा नायक व पुष्पलता सोनगरा, सहायक संचालक श्री लवनीत कोरी एवं परियोजना अधिकारी श्री मोहनलाल अहिरवार सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रूकैया काजी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती वंदना खरे द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...