जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का सफल आयोजन
देवास। स्वर्गीय तुकोजीराव पवार शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, देवास में सत्र 2026-27 की जिला स्तरीय टेबल टेनिस पुरुष एवं महिला वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन 26 सितंबर 2026 को सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रमोद कुमार पलसिया रहे। आयोजन, चयन एवं निर्णायक समिति में डॉ. अरुण कुशवंशी, डॉ. संदीप सिंह नागर, डॉ श्याम कापड़े,डॉ. संदीप सिंह रावत, डॉ. अंकित सक्सेना एवं डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रतियोगिता का सफल संचालन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की पात्रता जांच पात्रता जांच समिति की संयोजक डॉ. ममता शाक्य के मार्गदर्शन में डॉ. गिरीश कुमार शिव एवं मनोज मुवेल द्वारा की गई। समिति द्वारा सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की पात्रता का विधिवत परीक्षण किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल छह महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, आयोजन समिति, निर्णायकों एवं संबंधित कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में देवास जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। पुरुष वर्ग की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के.पी. कॉलेज, देवास में तथा महिला वर्ग की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता उज्जैन महाविद्यालय द्वारा आयोजित की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजन समिति के सदस्यों, निर्णायकों, पात्रता जांच समिति, प्रतिभागी महाविद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की।
0 Comments