मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: भौंरासा में जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, उद्योगपतियों और लखपति दीदियों से हुआ 'उद्योग संवाद,,
विधायक डॉ. राजेश सोनकर, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह और सीईओ जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे रहे मौजूद, हितग्राहियों को बांटे चेक
देवास: आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर उद्योग एवं स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत सोनकच्छ तहसील के ग्राम भौंरासा में जनसमस्या निवारण शिविर एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेश सोनकर, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह और सीईओ जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे की विशेष मौजूदगी रही। शिविर में सैकड़ों समस्याओं का मौके पर समाधान कर हितलाभ वितरित किए गए, साथ ही साथ विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय और निरीक्षण किए गए।
भौंरासा में आयोजित शिविर में विधायक डॉ. राजेश सोनकर एवं कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने नागरिकों से सीधे रूबरू होकर समस्याएं सुनीं। विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सरकार की एक संवेदनशील पहल है, जिससे ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। शासन और जनता के बीच परस्पर विश्वास व संवाद के रिश्ते को मजबूत करने प्रशासन जनता के बीच आया है। जो समस्याएं नीतिगत कारणों से मौके पर हल नहीं हो सकेंगी, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर समय-सीमा में अनिवार्य रूप से हल किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त ऐसे आवेदन जिनका मौके पर तत्काल समाधान संभव नहीं हुआ, उन्हें सीएम हेल्पलाइन में दर्ज किया जा रहा है ताकि विकासखंड के आगामी शिविर से पहले उनका अनिवार्य रूप से निपटारा सुनिश्चित हो सके।
विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व आवेदन सुविधा दी गई। भौंरासा-टोंक औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा, लखपति दीदियों से चर्चा
कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेश सोनकर, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे की उपस्थिति में क्षेत्र के उद्योगपतियों और स्व-सहायता समूहों की 'लखपति दीदियों' के साथ सार्थक ‘उद्योग संवाद’ हुआ। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि भौंरासा से टोंक तक एक नया इंडस्ट्रियल एरिया प्रस्तावित है, जिसे एमपीआईडीसी द्वारा विकसित किया जाएगा। उद्योगों की सुचारू कार्यप्रणाली के लिए उन्होंने बिजली विभाग को औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रिपिंग की समस्या शून्य करने के सख्त निर्देश दिए। टोल टैक्स में रियायत संबंधी मांग पर भी नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संवाद के दौरान डेयरी उत्पाद प्लांट संचालक श्री दौलत यादव ने बताया कि शासन से उन्हें समय पर सभी सब्सिडी प्राप्त हो रही हैं और उनके प्लांट से 250 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। वहीं स्व-सहायता समूह की लखपति दीदी ने अपनी प्रेरक यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ₹7,000 के छोटे ऋण से शुरुआत की थी और आज जैविक खेती व वर्मी कम्पोस्ट खाद के व्यवसाय से वे प्रतिमाह ₹17,000 से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। कलेक्टर ने महिला उद्यमियों के स्वावलंबन की सराहना करते हुए बैंकों व संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नए स्टार्टअप और उद्योग विस्तार हेतु उद्यमियों व महिला समूहों को ऋण सुगमता से मुहैया कराया जाए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी और अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के उद्यमी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

0 Comments