ऑपरेशन FAST 2.0: देवास में साइबर ठगी के कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार,,
देशभर में 10 लाख की ठगी, किराए की सिम और खातों से चल रहा था गिरोह
देवास। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के "ऑपरेशन FAST" के तहत देवास पुलिस ने साइबर ठगी के संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग स्थानों से ऑपरेट हो रहे साइबर कॉल सेंटरों का पर्दाफाश कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य स्वयं व दूसरों के नाम से सिम खरीदकर लोन, ऑनलाइन ट्रेडिंग और इंस्टाग्राम पर सस्ते मोबाइल-लैपटॉप बेचने के नाम पर ठगी करते थे।
गिरोह अब तक 6 मामलों में करीब 10 लाख की ठगी कर चुका है। दिल्ली साइबर क्राइम द्वारा पहले भी इस गिरोह से 398 सिम जब्त की जा चुकी हैं। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, सिम और दस्तावेज जब्त कर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्र. 835/2026 धारा 318(4) बीएनएस व 66(ग) आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सराहनीय कार्य: थाना प्रभारी अमित सोलंकी, उप निरीक्षक गौरव नगावत, सउनि हितेन्द्र चंद्रवंशी, प्रआर अजय बैस, जितेन्द्र, घनश्याम बामनिया, संजय, आर रणवीर सिकरवार तथा साइबर सेल से प्रआर सचिन चौहान एवं शिवप्रताप सिंह सेंगर।

0 Comments