लखपति दीदियों ने साझा की आत्मनिर्भरता की कहानियां,,,
देवास: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम कुसमानिया में उद्योग संवाद का आयोजन किया गया। विधायक श्री आशीष शर्मा, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे की उपस्थिति में उद्योगपतियों, स्थानीय उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों ने संवाद किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत 25 हितग्राहियों को 1 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए और सीएफएल के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को लगभग 1 करोड़ 73 लाख रुपये का वितरण किया गया।
संवाद के दौरान लखपति दीदियों ने चौके-चूल्हे से कारोबार तक के सफर की कहानियां साझा कीं। एक बैंक सखी ने बताया कि वे प्रतिमाह 20 से 25 हजार रुपये आय अर्जित कर रही हैं। श्रीमती समा चौहान ने बताया कि वे जैविक दवाइयां बनाकर 125 किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित कर रही हैं और 20 से 25 हजार रुपये कमा रही हैं। क्षेत्र में महिलाएं पापड़ निर्माण, स्कूल ड्रेस, दीपक निर्माण जैसे कार्य कर रही हैं।
उद्यमी शीतल जलोदिया ने 530 फलदार पौधों का उद्यान विकसित करने और टेक्सटाइल प्लांट के लिए स्थान की मांग रखी। उद्यमी उदित जोशी ने बताया कि पीएमएफएमई योजना में मल्टीग्रेन उत्पाद के लिए उनका ऋण स्वीकृत हुआ है।
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने महिलाओं को बिजनेस प्लानिंग, वित्तीय प्रबंधन और आय-व्यय के सही आकलन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्टार्टअप और व्यवसाय विस्तार के लिए बैंक ऋण और सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराएगा। साथ ही महिलाओं को अन्य प्रदेशों के सफल समूहों के भ्रमण पर भेजने के निर्देश दिए।
*ऋण वितरण :* कार्यक्रम में शिक्षा के लिए कृष्णा कनोजिया, सक्षम और आयुष लोवंशी, एग्रीकल्चर मोर्टगेज के लिए आरिफ खान, दीपक जाट, कार के लिए सुरेश चंद्र, रमेश चंद्र, ट्रैक्टर के लिए राजेश, रामनिवास, गायत्री बाई सहित 25 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, एएसपी श्रीमती सौम्या जैन, बैंक प्रतिनिधि, उद्यमी और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

0 Comments