Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल ने देवास के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल ने देवास के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण
 देवास: जिले में संचालित ‘जन विश्वास अभियान’ के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल ने देवास जिले के ग्रामीण अंचल के शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम जगठा माध्यमिक विद्यालय, शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय थुरिया तथा हाई स्कूल थुरिया पहुंचकर शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में दर्ज संख्या के विरुद्ध उपस्थिति की स्थिति चिंताजनक पाई गई। माध्यमिक विद्यालय जगठा में कुल दर्ज 45 विद्यार्थियों में से 27 उपस्थित मिले, शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय थुरिया में दर्ज 142 विद्यार्थियों में से 85 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए, वहीं हाई स्कूल थुरिया में कुल 71 विद्यार्थियों में से 58 विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव डॉ. गोयल ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के घटते नामांकन और कम उपस्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित संस्था प्रधानों को नामांकन वृद्धि हेतु निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव डॉ. गोयल ने नए शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए सभी शिक्षकों को जनवरी माह से ही घर-घर जाकर पालकों से सघन संपर्क करने के सख्त निर्देश दिए। अभियान के दौरान उन्होंने स्वयं कई पालकों से सीधा संवाद कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गोयल ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पाठ्यपुस्तकों एवं अन्य संसाधनों का फीडबैक लिया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने संस्था प्रभारियों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान के लिए विज्ञान प्रयोगशालाओं का नियमित व समुचित उपयोग सुनिश्चित करने और विद्यालय परिसरों, कक्षाओं व शौचालयों में व्यवस्थित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...