देवास: दीपावली पर्व से पहले एमजी रोड के व्यापारियों को सड़क चौड़ीकरण का लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे बाजार में ग्राहकों की आवाजाही सुगम होगी और व्यापार को गति मिलेगी।
नगर निगम सभापति रवि जैन ने नेता सत्तापक्ष मनीष सेन के साथ एमजी रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सयाजी द्वार से नॉवेल्टी चौराहे तक पैदल भ्रमण कर सड़क चौड़ीकरण, सेंट्रल लाइटिंग, सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए।
सभापति रवि जैन ने कहा कि एमजी रोड शहर का प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र है। दीपावली व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण होती है, इसलिए निर्माण से व्यवसाय पर असर न पड़े इसका ध्यान रखा जा रहा है। दीपावली से पूर्व चौड़ीकरण का लाभ मिले, यही प्राथमिकता है।
उन्होंने नवदुर्गा विसर्जन और दीपावली को देखते हुए सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री का मलबा तत्काल हटाने और धूल से राहत के लिए नियमित जल छिड़काव के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एल्डरमैन सचिन सोनी, सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी, उपयंत्री श्यामसुंदर रघुवंशी सहित स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।

0 Comments