नवरात्रि में जन्मी नवजात बच्चियों का पूजन कर किया सम्मान,
देवास। शारदीय नवरात्रि महापर्व के प्रथम दिवस से लेकर नवमी तक जन्मी नवजात बच्चियों के सम्मान में श्रीजी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सेवा समिति द्वारा विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने बीके प्रेमलता दीदी एवं बीके मनीषा दीदी के सहयोग से जिला चिकित्सालय के जच्चा-बच्चा वार्ड पहुंचकर नवजात बच्चियों का पूजन-अर्चन किया तथा उन्हें वस्त्र भेंट कर चुनरी ओढ़ाई। इस दौरान बच्चियों की माताओं को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया और बेटी के जन्म पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। समिति सचिव घनश्याम मोदी ने बताया कि समिति अध्यक्ष दिव्या परमार ने नवरात्रि के दौरान जन्मी नवजात बच्चियों को वस्त्र भेंट किए और चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। साथ ही माताओं को मिठाई खिलाकर बेटी के जन्म की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष दिव्या परमार ने कहा कि बेटियां माता रानी का स्वरूप होती हैं। इन बेटियों में से न जाने कौन-सी बेटी किस देवी के रूप में दर्शन दे दे। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान केवल नवरात्रि के दिनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वर्षभर बेटियों को समान सम्मान, स्नेह और अवसर मिलने चाहिए। बेटी का जन्म परिवार के लिए खुशियों का अवसर है और समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाते हुए उनके संरक्षण, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में श्रीमती प्रीति घोघलकर, सुनीता मौर्य, नर्सिंग ऑफिसर गायत्री पाटीदार, रश्मि पाण्डेकर, अर्जुन सिंह सोलंकी, पदम सिंह पंवार, हेमलता बहन, कोमल बहन एवं राजू सराटकर सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

0 Comments