मां चामुण्डा, तुलजा भवानी की समारोहपूर्वक की जाएगी अगवानी,,
देवास। प्रदेश सहित देश भर में देवास का नवरात्रि उत्सव व नवदुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह एक अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। नवरात्रि के दौरान जहां दूर-दूर से लाखों श्रद्धालु मां चामुण्डा व तुलजा भवानी के दरबार टेकरी पहुंचते है। वहीं विसर्जन चल समारोह को देखने भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए देवास विधायक गायत्रीराजे पवार की पहल पर इस बार 22 अक्टूबर को दोपहर 12.30 बजे मां चामुण्डा व तुलजा भवानी की सयाजी द्वार पर समारोह पूर्वक अगवानी की जाएगी। इस संबंध में विधायक गायत्रीराजे पवार ने बताया कि अपनी परंपरा अनुसार विसर्जन चल समारोह की शुरुआत में माता टेकरी से नाथ समाज व पुजारी परिवार द्वारा मां चामुण्डा व तुलजा भवानी का मुखोटा एक सुसज्जित रथ में विराजित कर सयाजी द्वार लाया जाएगा। जहां शहर के गणमान्यजनों की उपस्थिति में दोनों माताजी की भव्य अगवानी की जाएगी। इसके लिए सयाजी द्वार से जैन स्तंभ तक रेड कारपेट बिछाया जाएगा, जहां आकर्षक रंगोली सजाई जाएगी। साथ ही पुलिस बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। यहां मां चामुण्डा व तुलजा भवानी की 21 पंडितों की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ आरती की जाएगी तथा भव्य आतिशबाजी होगी। तत्पश्चात चल समारोह खेड़ापति मंदिर से होते हुए परंपरागत चल समारोह मार्ग के लिए रवाना होगा। इस भव्य समारोह में शामिल होने की अपील सभी सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, व्यापारिक संगठनों व गणमान्य नागरिकों से की गई है।

0 Comments